हरियाणा सरकार जल्द करेगी 50 हजार पदों पर भर्तियों का ऐलान
Haryana Job: हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने करनाल में आयोजित एक कार्यक्रम में कहा कि राज्य सरकार गरीबों के हित में कई फैसले ले रही है. सरकारी काम अब बिना किसी झंझट और बिना खर्च के हो रहे हैं। निकट भविष्य में 50,000 और नियुक्तियां की जाएंगी।
दो किलोवाट तक के कनेक्शनधारकों को बिजली सरचार्ज नहीं देना पड़ेगा। एक महीने तक उपभोक्ता के बाहर रहने पर बिल शून्य रहेगा। 1.80 लाख रुपए सालाना से कम आय वाले उपभोक्ताओं के घरों पर सोलर पैनल स्थापित होंगे। इसका 60% केंद्र और 40% राज्य सरकार वहन करेगी।
एक लाख रुपए वार्षिक आय से कम वाले परिवारों के 84 लाख लोगों को हैप्पी कार्ड देकर राज्य परिवहन की बसों में 1000 किमी तक की मुफ्त यात्रा दी जाएगी। मुख्यमंत्री शहरी आवास योजना के तहत 30.30 वर्ग गज के प्लाट दिए जा रहे हैं। 14 शहरों में 15 हजार लोगों को प्लाट मिल चुके हैं।
आयुष्मान भारत चिरायु योजना के तहत 1.80 लाख रुपए तक की आय वाले परिवारों की बेटियों की शिक्षा का पूरा खर्च सरकार उठा रही है।
नायब सिंह सैनी ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस ने गरीबों को 100-100 गज के प्लाट देने का वादा किया था, लेकिन न तो कागज दिए और न कब्जा। हमारी सरकार ने 20 हजार लोगों को प्लाटों का कब्जा और कागज दोनों दिए हैं। बाकी को भी प्लाट दिए जाएंगे। उन्होंने कांग्रेस पर बिजली और गैस की सुविधा में कमी का भी आरोप लगाया।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि आज राज्य में 24 घंटे बिजली मिल रही है और रसोई गैस सिलेंडर भी आसानी से मिल रहे हैं। कांग्रेस पर कटाक्ष करते हुए उन्होंने कहा कि जिनके बहीखाते खराब हैं, वही दूसरों का हिसाब पूछ रहे हैं।
