हरियाणा कौशल रोजगार निगम अब विदेश में भी दिलाएगा नौकरियां
HKRN Job: हरियाणा सरकार द्वारा गठित कौशल रोजगार निगम (एचकेआरएन) अब प्रदेश के युवाओं को विदेश में भी नौकरियां उपलब्ध कराने जा रहा है। इसके लिए निगम ने विदेश मंत्रालय के अधीन कार्यरत प्रवासी संरक्षक से भर्ती एजेंट लाइसेंस प्राप्त करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
लाइसेंस प्राप्त करने के बाद, निगम विदेश में नौकरी करने के इच्छुक युवाओं को नियुक्त करने में सक्षम होगा। हरियाणा कौशल रोजगार निगम ने राष्ट्रीय कौशल विकास निगम (एनएसडीसी) के माध्यम से अभी तक 228 नौकरी चाहने वालों का चयन किया है।
मुख्य सचिव टीवीएसएन प्रसाद की अध्यक्षता में हुई एचकेआरएन की सातवीं बोर्ड बैठक में विभिन्न विभागों की कौशल आवश्यकताओं को पूरा करने के लिए नौकरियों की एक व्यापक सूची तैयार करने पर सहमति बनी।
विभाग पद
स्वास्थ्य विभाग 51
खान एवं भूविज्ञान विभाग 51
चिकित्सा शिक्षा एवं अनुसंधान विभाग 51
हरियाणा फोरेंसिक लैब 51
उम्मीदवारों को हरियाणा कौशल विकास मिशन और श्री विश्वकर्मा कौशल विश्वविद्यालय, पलवल में प्रशिक्षण दिया जाएगा। इससे युवाओं की रोजगार क्षमता बढ़ेगी और वे विदेशी बाजार में मैन पावर की जरूरतों को पूरा कर सकेंगे।
मुख्य सचिव ने कहा कि एचकेआरएन का मुख्य उद्देश्य लोगों को विदेश में नौकरी के लिए निजी एजेंटों द्वारा लिए जाने वाले भारी कमीशन के बोझ से राहत दिलाना है। एचकेआरएनएल पोर्टल का उद्देश्य सरकारी, निजी और ओवरसीज सेक्टर के नियोक्ताओं को नौकरी चाहने वालों के साथ एक मंच पर लाना है, जिससे नौकरी खोजने की प्रक्रिया सरल हो सके।
बैठक में जानकारी दी गई कि हरियाणा कौशल रोजगार निगम ने विभिन्न विभागों, बोर्डों, निगमों और विश्वविद्यालयों में 1.25 लाख कर्मचारियों को तैनात किया है। इनमें से 36 हजार अनुसूचित जाति वर्ग से और 34 हजार 700 पिछड़ा वर्ग से हैं।
एचकेआरएन ने पंचकूला के सेक्टर पांच में अपना स्वयं का कार्यालय भवन बनाने की योजना बनाई है। इसके साथ ही, निगम ने स्वास्थ्य विभाग, खान एवं भूविज्ञान विभाग, चिकित्सा शिक्षा एवं अनुसंधान विभाग और हरियाणा फोरेंसिक लैब से संबंधित 51 नई नौकरियों को भी अंतिम रूप दिया है।
