नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे पर नया अंडरपास बनेगा, 131 करोड़ होंगे खर्च
Noida-Greater Noida Expressway: नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे पर नया अंडरपास बनाने की योजना को मंजूरी मिल गई है. 131 करोड़ रुपये की अनुमानित लागत से 16.400 किलोमीटर तक अंडरग्राउंड का निर्माण किया जाएगा। यह परियोजना न केवल यातायात समस्याओं का समाधान करेगी बल्कि क्षेत्र के समग्र विकास को भी बढ़ावा देगी।
प्रस्तावित अंडरपास की कुल लंबाई 749 मीटर होगी। यह चार लेन का होगा, जिसमें दो लेन आने के लिए और दो लेन जाने के लिए होंगी। इसके अलावा, इसमें 75 मीटर की एक टनल या बॉक्स लेंथ शामिल होगी।
अंडरपास एक्सप्रेसवे के नीचे बनेगा और इससे सेक्टर-145, 146, 147, 148, 149, 150, 151, 152, 153, और 154 को सीधा लाभ होगा। इन सेक्टरों में आवासीय और औद्योगिक क्षेत्र शामिल हैं। अंडरपास के एक तरफ सेक्टर-145 और 146 हैं, जबकि दूसरी तरफ सेक्टर-155 और 159 स्थित हैं।
यह अंडरपास झट्टा गांव के सामने बनेगा, जहां पहले से ही एक छोटा अंडरपास मौजूद है। नए अंडरपास के निर्माण से इन क्षेत्रों की एक्सप्रेसवे तक सीधी पहुंच हो जाएगी। साथ ही, यह नोएडा को ग्रेटर नोएडा से सीधे जोड़ेगा, जिससे दोनों शहरों के बीच यातायात सुगम हो जाएगा।
इस अंडरपास परियोजना को प्राथमिक मंजूरी मिल चुकी है। इसके बाद, विस्तृत अनुमान को आईआईटी दिल्ली को सत्यापन के लिए भेजा गया है।
पिछले एक साल में एक्सप्रेसवे पर सेक्टर-96, 142 और 152 के सामने भी नए अंडरपास बनाए गए हैं। ये अंडरपास यातायात की समस्या को कम करने में मदद कर रहे हैं।
