अब दिल्ली से सीधी उज्जैन पहुंचेगी ट्रेनें, बन रहा यह बड़ा बॉयपास
Nagda railway bypass: शनिवार को मुख्यमंत्री मोहन यादव ने उज्जैन के सम्राट विक्रमादित्य भवन परिसर में विद्या भारती मालवा स्कूल भवन निर्माण का भूमिपूजन किया। इस सिलसिले में उन्होंने शिव परिवार मंदिर में मूर्तियों की स्थापना और प्राण-प्रतिष्ठा समेत कई अन्य कार्यक्रमों में भी हिस्सा लिया.
मुख्यमंत्री ने इस दौरान प्रदेश में रेल सुविधाओं के विस्तार की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि नई ट्रेनें चलाई जा रही हैं और रेलवे ट्रेक का जाल भी तेजी से बिछाया जा रहा है। विशेष रूप से नागदा में एक बड़ा बॉयपास बन रहा है, जो दिल्ली से उज्जैन तक सीधे ट्रेन की सुविधा प्रदान करेगा।
नागदा रेलवे बॉयपास के बन जाने के बाद, दिल्ली से आने वाली ट्रेनें सीधे उज्जैन तक पहुंच सकेंगी। यह परियोजना उज्जैन के विकास के लिए एक बड़ा कदम है मुख्यमंत्री ने ट्वीट कर बताया कि दिल्ली से आने वाली ट्रेन सीधे उज्जैन तक आएगी और इसके अतिरिक्त मेट्रो और वंदे मेट्रो प्रोजेक्ट्स से आवागमन और भी सुलभ होगा।
इंदौर और उज्जैन के मध्य मेट्रो कनेक्टिविटी का काम चल रहा है, जो 2028 के सिंहस्थ महाकुंभ के दौरान श्रद्धालुओं के लिए आवागमन को आसान बनाएगा। इंदौर एयरपोर्ट से महाकाल मंदिर तक सीधे पहुंचाने के लिए वंदे मेट्रो ट्रेन की सुविधा उपलब्ध होगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि मध्य प्रदेश के बड़े नगरों जैसे भोपाल, इंदौर, ग्वालियर, जबलपुर और उज्जैन के लिए नए ट्रेफिक प्लान बनाए जा रहे हैं। इनमें मेट्रो ट्रेन, वंदे भारत ट्रेन, रोप-वे, ई-बस और केबल-कार जैसे आधुनिक साधनों का उपयोग किया जाएगा।
मुख्यमंत्री मोहन यादव की योजनाओं के अनुसार, उज्जैन और अन्य प्रमुख नगरों के लिए रेल और परिवहन सुविधाओं में महत्वपूर्ण सुधार हो रहे हैं। नागदा बॉयपास और मेट्रो कनेक्टिविटी की परियोजनाओं से न केवल यात्रा में सुविधा होगी, बल्कि प्रदेश की विकास की गति भी तेज होगी।
