राजस्थान को मिलेगा सड़कों का नया जाल, 9 नए ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे की घोषणा
Rajasthan Expressway: राजस्थान की वित्त मंत्री दीया कुमारी ने भजनलाल सरकार का पहला पूर्ण बजट प्रस्तुत करते हुए प्रदेश में 9 नए ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे बनाने की घोषणा की है। इन एक्सप्रेसवे के निर्माण से न केवल आवाजाही में सहूलियत होगी, बल्कि प्रदेश के विकास को भी गति मिलेगी।
9 नए ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे की घोषणा
वित्त मंत्री दीया कुमारी ने बजट भाषण में बताया कि इन 9 ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे की कुल लंबाई 2750 किमी से अधिक होगी। इसके साथ ही, पांच सालों में 60 हजार करोड़ रुपए खर्च कर 13 हजार किलोमीटर लंबाई का सड़क नेटवर्क तैयार किया जाएगा।
बजट आवंटन और मरम्मत
दीया कुमारी ने अपने बजट भाषण में स्टेट हाईवे, बायपास, फ्लाईओवर और आरयूबी के लिए 9 हजार करोड़ रुपए खर्च करने का भी ऐलान किया। बारिश और अन्य कारणों से टूटने वाली सड़कों की मरम्मत के लिए 665 करोड़ रुपए का प्रावधान किया गया है।
ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे की डीपीआर
वित्त मंत्री दीया कुमारी ने बताया कि पहले 30 करोड़ की लागत से इन सभी ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे की डीपीआर (डिटेल्ड प्रोजेक्ट रिपोर्ट) बनाई जाएगी। इसके बाद इन परियोजनाओं का निर्माण कार्य शुरू किया जाएगा।
राजस्थान में नए ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे के निर्माण से राज्य के विकास को नई दिशा मिलेगी और यातायात सुविधाओं में भी सुधार होगा। इससे न केवल राज्य बल्कि पूरे देश के व्यापार और उद्योग को भी फायदा होगा।
