UP News: उत्तर प्रदेश में 876 नई शराब की दुकानें खुलेंगी
UP News: उत्तर प्रदेश में शराब की लगभग 876 नई दुकानें खुलेंगी, जिनके लिए 15 मई को ई-लॉटरी होगी। इससे पहली बार राज्य में एक साथ इतनी बड़ी संख्या में शराब की दुकानें खोली जाएगी। इस नए निर्णय को लेकर भारत निर्वाचन आयोग से आबकारी विभाग ने अनुमति प्राप्त कर ली है।
ई-लॉटरी
आबकारी आयुक्त डॉ. आदर्श सिंह ने मंगलवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से हुई समीक्षा बैठक में ई-लॉटरी की तैयारियों की जानकारी दी। उन्होंने प्रदेश भर के अधिकारियों को निर्देश दिए कि लोकसभा चुनाव के दौरान कहीं भी अवैध शराब की बिक्री न होने पाए। शिकायत मिलने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
876 नई शराब की दुकानें
प्रदेश भर में अंग्रेजी शराब की 222, देसी शराब की 354, बीयर की 300, मॉडल शाप तीन तथा भांग की 13 नई दुकानें खोले जाने की तैयारी है। इसके लिए ई-लॉटरी की प्रक्रिया बुधवार से शुरू हो जाएगी। बुधवार को ई-लाटरी के लिए मार्किंग होगी। तीन मई को ई-लॉटरी के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रारंभ होगा। ऑनलाइन आवेदन नौ मई की शाम पांच बजे तक तक हो सकेगा। आवेदन पत्रों की जांच 15 मई को होगी। इसके बाद 15 मई को ई-लॉटरी होगी।
लखनऊ, प्रयागराज, अयोध्या, आगरा, कानपुर में दोपहर तीन से चार, बरेली मेरठ, मुरादाबाद, गोरखपुर, मीरजापुर, झांसी में शाम चार बजकर एक मिनट से पांच बजे तक, अलीगढ़, सहारनपुर, बस्ती, चित्रकूट धाम, आजमगढ़, वाराणसी व देवीपाटन मंडल में शाम पांच बजकर एक मिनट से शाम छह बजे तक ई-लॉटरी होगी।
