प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना, 31 जुलाई 2024 तक करवाएं खरीफ सीजन की फसलों का बीमा
चंडीगढ़: कृषि एवं किसान कल्याण विभाग के उप निदेशक डॉ. कर्मचंद ने जानकारी दी है कि प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत खरीफ सीजन 2024 में धान, कपास, मक्का तथा बाजरा की फसलों का बीमा करवाने की अंतिम तिथि 31 जुलाई 2024 तय की गई है। यह योजना किसानों को प्राकृतिक आपदा से होने वाले नुकसान से बचाने के लिए बनाई गई है।
बीमा कराने की अंतिम तिथि
डॉ. कर्मचंद ने बताया कि खरीफ सीजन में किसान अपनी धान, कपास, मक्का तथा बाजरा की फसलों का बीमा आगामी 31 जुलाई 2024 तक करवा सकते हैं।
यदि ऋणी किसान इस योजना में शामिल नहीं होना चाहते तो वे अपने बैंक में लिखित आवेदन करके योजना से बाहर हो सकते हैं। यदि ऋणी किसान तय सीमा तक संबंधित बैंक में आवेदन नहीं करता तो बैंक किसान की फसलों का बीमा करने के लिए बाध्य होंगे। गैर ऋणी किसान ग्राहक सेवा केन्द्र या बीमा कम्पनी के प्रतिनिधि से अपनी फसल का बीमा करवा सकते हैं।
यदि कोई किसान पहले से नियोजित फसल को बदलता है तो उसे अंतिम तिथि से कम से कम दो दिन पहले 29 जुलाई तक फसल बदलाव का ब्यौरा बैंक को सूचित करना होगा। जिला कैथल में एग्रीकल्चर इन्श्योरेन्स कंपनी ऑफ इंडिया प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना को लागू कर रही है।
प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत अपनी फसलों का बीमा समय पर करवाएं और प्राकृतिक आपदाओं से सुरक्षित रहें। अधिक जानकारी के लिए अपने नजदीकी कृषि विभाग कार्यालय से संपर्क करें।
