इस राज्य के कर्मचारियों की भी आई खुशियां मनाने की बारी, सरकार ने दे दिया DA बढ़ोतरी का तोहफा
DA Hike News: गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेन्द्र पटेल ने राज्य के सरकारी कर्मचारियों और पेंशनर्स को बड़ी राहत दी है। जनवरी 2024 से महंगाई भत्ता (Dearness Allowance) 4 प्रतिशत बढ़ाने का निर्णय लिया गया है। इससे राज्यसेवा, पंचायत सेवा और अन्य विभागों के 4.71 लाख कर्मचारियों और 4.73 लाख पेंशनर्स को फायदा मिलेगा।
7वें वेतन आयोग के तहत बढ़ोतरी
7वें वेतन आयोग के तहत यह बढ़ोतरी की गई है। इसमें कर्मचारियों के लिए 4 फीसदी महंगाई भत्ता और पेंशनर्स के लिए 4 फीसदी महंगाई राहत शामिल है। बढ़ा हुआ वेतन अगले महीने से कर्मचारियों के खातों में जमा होगा।
किस्तों में भुगतान
अगर बढ़ा हुआ महंगाई भत्ता अगस्त में जारी किया जाता है, तो 6 महीने का जोड़कर महंगाई भत्ता कर्मचारियों के खातों में भेजा जाएगा। यह भुगतान 3 किस्तों में किया जाएगा। सरकार को कर्मचारियों के एरियर के एवज में कुल 1129.51 करोड़ रुपये का भुगतान करना है।
फरवरी 2024 में भी गुजरात सरकार ने राज्य कर्मचारियों का महंगाई भत्ता 4 प्रतिशत बढ़ाया था, जिससे 4.45 लाख कर्मचारियों और 4.65 लाख पेंशनर्स को लाभ मिला था। यह बढ़ा हुआ डीए भी 3 किस्तों में जारी किया गया था।
केंद्रीय कर्मचारियों के लिए उम्मीद
वित्त साल 2024-25 के पूर्ण बजट के साथ जुलाई महीने में केंद्रीय कर्मचारियों और पेंशनर्स को डीए बढ़ोतरी की उम्मीद है। सरकार साल में दो बार महंगाई भत्ते में बढ़ोतरी करती है, ताकि महंगाई से मुकाबले के लिए कर्मचारियों को राहत मिल सके।
